‘रुद्र’ ब्रिगेड से सीमा पर दुश्मनों को करारा जवाब देगा भारत
26वें करगिल विजय दिवस पर सेना प्रमुख जनरल द्विवेदी का बड़ा ऐलान, कहा- अब भारत माफ नहीं करेगा, मार करेगा

26वें करगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय सेना ने अपनी सैन्य संरचना में ऐतिहासिक परिवर्तन की घोषणा की। सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने शनिवार को लद्दाख के द्रास में आयोजित समारोह के दौरान ‘रुद्र’ नामक नई एकीकृत ‘ऑल-आर्म्स ब्रिगेड्स’ और ‘भैरव’ लाइट कमांडो बटालियन के गठन की जानकारी दी। यह निर्णय भारत की रक्षा रणनीति में आक्रामक बदलाव की ओर संकेत करता है।

जनरल द्विवेदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “अब भारत केवल शोक नहीं मनाएगा, अब जवाब देगा — और वह भी ऐसा कि दुश्मन की नींव हिल जाए।” उन्होंने बताया कि ‘रुद्र’ ब्रिगेड्स में पैदल सेना, मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री, आर्टिलरी, आर्मर्ड यूनिट्स, विशेष बल, ड्रोन और लॉजिस्टिक्स यूनिट्स को एक छत्र में लाकर त्वरित, समन्वित और प्रभावशाली हमला करने की क्षमता विकसित की जाएगी।

‘भैरव’ कमांडो बटालियन सीमा पर दुश्मन को देगी चौंकाने वाला वार

सेना प्रमुख ने यह भी घोषणा की कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात ‘भैरव’ लाइट कमांडो बटालियन दुश्मन के लिए मौत का संदेश साबित होगी। उन्होंने कहा, “इन विशेष बलों का कार्य दुश्मन पर तेज और अचूक हमला करना होगा, जिससे कोई भी आतंकवादी ठिकाना सुरक्षित न रह सके।”

हर इन्फैंट्री बटालियन में अब ड्रोन प्लाटून अनिवार्य

सेना के आधुनिकीकरण पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक पैदल सेना बटालियन में ड्रोन प्लाटून अनिवार्य कर दी गई है। वहीं तोपखाना (आर्टिलरी) को ‘दिव्यास्त्र बैटरी’ और ‘लॉइटर म्यूनिशन यूनिट्स’ के माध्यम से और अधिक मारक क्षमता दी गई है। सेना की वायु रक्षा प्रणाली को भी स्वदेशी मिसाइल तकनीक से लैस किया जा रहा है।

ऑपरेशन ‘सिंदूर’ से दी पाकिस्तान को चेतावनी

जनरल द्विवेदी ने अपने संबोधन में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का भी उल्लेख किया, जो कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में किया गया था। उन्होंने कहा कि 6-7 मई की रात को भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओजेके में स्थित 9 उच्च-मूल्य आतंकवादी ठिकानों को सटीकता से नष्ट किया।

“यह केवल एक जवाबी कार्रवाई नहीं थी, यह एक स्पष्ट संदेश था — जो भी आतंक को पालेंगे, अब वे सुरक्षित नहीं रहेंगे,” उन्होंने दो टूक कहा।

‘Whole-of-Nation Approach’ से दिया गया एकजुट संदेश

जनरल ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा प्रतिउत्तर की कोशिश के दौरान 7 से 9 मई तक भारतीय सेना सतर्क मोड में रही। “हमारी एयर डिफेंस प्रणाली एक अभेद्य दीवार की तरह खड़ी रही, जिसे कोई ड्रोन या मिसाइल भेद नहीं सका।” उन्होंने इसे ‘Whole-of-Nation Approach’ का परिणाम बताया जिसमें सेना, वायु सेना, नौसेना और अन्य एजेंसियों ने एकजुट होकर देश की रक्षा की।

सेना प्रमुख का स्पष्ट संदेश— भारत की संप्रभुता से खेलने वालों को मिलेगी करारी सजा

अंत में सेना प्रमुख ने कहा कि भारत अब भविष्य की लड़ाइयों के लिए न केवल तैयार है, बल्कि निर्णायक कार्यवाही के लिए तत्पर भी है। “भारत की एकता, संप्रभुता या नागरिकों को चोट पहुंचाने की कोशिश करने वालों को अब हर बार मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।”


विशेष

  • दो इन्फैंट्री ब्रिगेड को ‘रुद्र’ में किया गया तब्दील
  • सीमा पर तैनात ‘भैरव’ यूनिट्स तैयार
  • आर्टिलरी में ‘दिव्यास्त्र बैटरी’ का समावेश
  • सेना की एयर डिफेंस में स्वदेशी मिसाइलें
  • 9 आतंकी ठिकानों को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में ध्वस्त किया गया

अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *