सदर अस्पताल में लापरवाही पर सख्त हुए डीएम, चिकित्सकों से मांगा स्पष्टीकरण
प्रसूता महिलाओं ने डीएम से की शिकायत, बोले—सीजेरियन के बाद भी डॉक्टर नहीं लेते राउंड

मुंगेर। सदर अस्पताल की अव्यवस्था को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों पर नवपदस्थापित जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा ने मंगलवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण कर प्रशासन को कड़े निर्देश दिए। शाम करीब 4 बजे डीएम अचानक मॉडल अस्पताल पहुंचे और करीब एक घंटे तक प्रसव वार्ड, एमसीएच ओटी, ओपीडी और इण्डोर वार्ड की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. ध्रुव कुमार साह, उपाधीक्षक डॉ. राम प्रवेश, डीपीएम फैजान आलम अशरफी और प्रबंधक तौसिफ हसनैन भी मौजूद रहे। डीएम ने अस्पताल के सात ओपीडी कक्षों का निरीक्षण किया और दवा वितरण काउंटर पर उपलब्ध दवाओं की जानकारी ली।

इस दौरान प्रसव वार्ड और ओपीडी में तीन चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए, जिनमें दंत चिकित्सक डॉ. पुतुल कुमारी और महिला चिकित्सक डॉ. स्वाति अट्रोलिया भी शामिल हैं। उपाधीक्षक ने डीएम को बताया कि डॉ. स्वाति अट्रोलिया पहले भी अपनी ड्यूटी से लगातार अनुपस्थित रही हैं। 8 मई की रात एक गर्भवती महिला को उनकी अनुपस्थिति के कारण परेशानी झेलनी पड़ी थी, जिस पर तत्कालीन डीएम अवनीश कुमार सिंह ने सभी डॉक्टरों का वेतन रोकते हुए उपाधीक्षक को बदल दिया था।

बावजूद इसके, डॉ. स्वाति की कार्यशैली में कोई सुधार नहीं आया। डीएम अरविंद कुमार वर्मा ने सिविल सर्जन को सभी अनुपस्थित डॉक्टरों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया और साफ कहा कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रसूता महिलाओं की पीड़ा पर संज्ञान
एमसीएच वार्ड में भर्ती सीजेरियन प्रसूताओं से डीएम ने जब बातचीत की तो कई महिलाओं ने बताया कि ऑपरेशन के दो दिन बाद भी कोई डॉक्टर देखने नहीं आया। महिला मरीज जूही देवी और पुष्पम कुमारी ने शिकायत की कि रात में स्टाफ नर्स तक मौजूद नहीं रहतीं, जिससे उन्हें प्रसव वार्ड जाकर शिकायत करनी पड़ती है।

डीएम ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि डॉक्टरों के नियमित राउंड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और रात में स्टाफ नर्स की ड्यूटी अनिवार्य रूप से तय की जाए।

तीन दिन बाद फिर से होगा निरीक्षण
डीएम ने कहा कि तीन-चार दिन के भीतर वे पुनः औचक निरीक्षण करेंगे। यदि तब तक अस्पताल की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्ट: टीडब्ल्यूएम न्यूज, मुंगेर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *