एस आर शिक्षा सम्राट स्कूल में होली मिलन समारोह का उल्लास, रंगों में सराबोर हुआ विद्यालय
सिमराही। एस आर शिक्षा सम्राट स्कूल में होली पूर्व रंगोत्सव “कलर फेस्ट” का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों, विद्यार्थियों और विद्यालय कर्मियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। फाग के गीतों और लोक धुनों पर पूरा परिसर उल्लास से सराबोर हो गया।


समारोह में विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द्र और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि जिस प्रकार होली में अलग-अलग रंग मिलकर खूबसूरत छटा बिखेरते हैं, उसी तरह हमें भी एकता और विविधता को अपनाकर देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।

विद्यालय के प्रशासनिक निदेशक एवं प्राचार्य किसलय रवि ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और नई शुरुआत का पर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस त्योहार को आपसी सौहार्द्र के साथ मनाएं और किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि से बचें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पारंपरिक फाग और होली गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल संगीतमय हो उठा। उपस्थित शिक्षकों व छात्र-छात्राओं ने नृत्य और संगीत के जरिए होली की खुशियों को साझा किया।

समारोह के अंत में विद्यालय की ओर से सभी को होली की शुभकामनाएं दी गईं और अवकाश की घोषणा की गई। इस आयोजन को सफल बनाने में रंजित लामा, काजल राउत, मनीषा झा, गौरव कुमार, सुधांशु वर्मा, पप्पू कुमार सहित समस्त विद्यालय कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्ट: निहाल देव दत्ता