त्योहारों में रेलयात्रियों के लिए खुशखबरी: रिटर्न टिकट पर 20% की छूट, जानें पूरी योजना

नई दिल्ली। आगामी दीपावली, छठ महापर्व और शरद ऋतु के अन्य त्योहारों में रेलयात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा तोहफ़ा दिया है। मंत्रालय ने घोषणा की है कि तय शर्तों के तहत यात्री अपनी वापसी यात्रा के किराए पर 20 प्रतिशत तक की छूट प्राप्त कर सकेंगे।

रेलवे के अनुसार, यह विशेष छूट उन यात्रियों के लिए लागू होगी, जो 14 अगस्त 2025 से बुकिंग शुरू कर 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2025 के बीच अपनी onward यात्रा करेंगे और वापसी यात्रा 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच होगी। दोनों यात्राएं एक ही ट्रेन, एक ही श्रेणी और एक ही यात्री समूह के लिए होना अनिवार्य है।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस योजना के तहत छूट केवल कन्फर्म टिकट पर मिलेगी और वापसी यात्रा के केवल बेस किराए पर ही यह 20% की रियायत लागू होगी। फ्लेक्सी फेयर वाली ट्रेनों जैसे राजधानी, शताब्दी और दुरंतो पर यह सुविधा नहीं दी जाएगी।

बुकिंग प्रक्रिया के बारे में बताते हुए मंत्रालय ने कहा कि पहले onward यात्रा का टिकट बुक करना होगा, जिसके बाद ‘कनेक्टिंग जर्नी’ फीचर के माध्यम से वापसी टिकट लिया जा सकेगा। वापसी टिकट के यात्री विवरण बिल्कुल वही होंगे जो onward यात्रा में दर्ज किए गए हैं।

इस योजना के तहत किसी भी परिस्थिति में किराए की वापसी (रिफंड) की अनुमति नहीं होगी। रेलवे का मानना है कि यह विशेष छूट योजना अग्रिम बुकिंग को बढ़ावा देगी, त्योहारों के बाद वापसी यात्रा के दबाव को कम करेगी और यात्री भार प्रबंधन में मदद करेगी।

त्योहारों के मौसम में हर वर्ष ट्रेनों में भारी भीड़ और वेटिंग लिस्ट का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह योजना यात्रियों के लिए राहत और सुगम यात्रा का अवसर लेकर आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *