पाकिस्तान के पांच लड़ाकू विमान ढेर, ऑपरेशन ‘सिंदूर’ में भारतीय वायुसेना की बड़ी सफलता
— अमर शर्मा

बेंगलुरु। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने शनिवार को ऐलान किया कि 7 मई को चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारत ने पाकिस्तान के पांच लड़ाकू विमानों को मार गिराया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय रूस निर्मित एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम को दिया।

एयर चीफ मार्शल सिंह ने बताया कि इस कार्रवाई में बहावलपुर स्थित जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालय समेत कई आतंकी ठिकानों पर सटीक प्रहार किया गया। “हमारे पास सिर्फ सैटेलाइट तस्वीरें ही नहीं थीं, बल्कि स्थानीय मीडिया से मिली अंदरूनी तस्वीरें भी थीं, जिनसे स्पष्ट हुआ कि लक्षित इमारतें पूरी तरह नष्ट हुईं और आस-पास की इमारतों को लगभग कोई नुकसान नहीं पहुंचा,” उन्होंने कहा।

यह बयान उन्होंने बेंगलुरु में आयोजित 16वें वार्षिक एयर चीफ मार्शल एलएम कात्रे व्याख्यान के दौरान दिया।

सूत्रों के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सशस्त्र बलों ने कम से कम नौ आतंकी ढांचे ध्वस्त किए। यह अभियान 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में चलाया गया था, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की जान गई थी।

वायुसेना के इस अभियान ने न केवल पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को करारा झटका दिया, बल्कि भारतीय सुरक्षा तंत्र की तकनीकी और रणनीतिक क्षमता का भी स्पष्ट संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *