‘विकास पुरुष’ पुस्तक का लोकार्पण, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों पर केंद्रित कृति ने बटोरा सम्मान

पटना, 8 सितंबर।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के व्यक्तित्व, संघर्ष और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण पर आधारित पुस्तक ‘विकास पुरुष’ का शनिवार को भव्य लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बिहार विधान परिषद सभागार में हुआ, जहां विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव और विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने संयुक्त रूप से पुस्तक का विमोचन किया। इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथि, बुद्धिजीवी, लेखक और पत्रकार मौजूद रहे।

लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने बताया कि इस पुस्तक को लिखने का उद्देश्य मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजनीतिक जीवन, संघर्ष और विकास कार्यों को शब्दों में समेटना है। उन्होंने कहा कि यह कृति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगी।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने कहा कि नीतीश कुमार ने सत्ता में आने के बाद विकास कार्यों को प्राथमिकता दी और बिहार की नई छवि गढ़ी। वहीं, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सड़क से लेकर गांव-गांव तक कनेक्टिविटी का जो काम किया है, उससे बिहार विकासशील राज्यों की कतार में मजबूती से खड़ा है।

विशिष्ट अतिथि प्रो. नवल किशोर यादव ने अपने संबोधन में कहा कि नीतीश कुमार के कार्य ही उनकी पहचान हैं और वे स्वयं इतिहास रच चुके हैं। बिहार धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से बिहार ने वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई है।

पूर्व मंत्री श्याम रजक ने नीतीश कुमार को “विकास पुरुष” बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन राज्य की प्रगति को समर्पित कर दिया। वरिष्ठ पत्रकार सुजीत झा ने इस पुस्तक को सार्थक पहल करार दिया।

किरण पब्लिकेशन के प्रबंध निदेशक संकेत कुमार और समूह के सीएमडी सत्यनारायण प्रसाद ने पुस्तक प्रकाशन पर गर्व जताया और कहा कि इस कृति के माध्यम से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास यात्रा लोगों तक पहुंचेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बिहार विधान परिषद के उपसभापति प्रो. रामवचन राय ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह कृति नई पीढ़ी को प्रेरणा देगी और सुशासन के महत्व को रेखांकित करेगी। मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन प्रो. जितेंद्र कुमार ने किया।

इस मौके पर कई कवि, लेखक, शिक्षाविद्, समाजसेवी और पत्रकार मौजूद रहे जिन्होंने पुस्तक ‘विकास पुरुष’ को बिहार की राजनीति और समाज में मील का पत्थर बताया।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *