वरिष्ठ नेता शकुनी चौधरी के 90वें जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहुंचे सरकारी आवास, राजनीतिक हस्तियों का लगा तांता
पटना।
वरिष्ठ समाजवादी नेता एवं बिहार की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे पूज्य शकुनी चौधरी के 90वें जन्मदिवस के अवसर पर सोमवार को पटना स्थित उनके सरकारी आवास पर शुभकामनाओं का तांता लगा रहा। इस खास मौके पर बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार स्वयं पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
इस अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनके पूज्य पिताजी के जन्मदिवस पर प्रदेश और केंद्र स्तर के कई वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने आकर आशीर्वाद और शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी, केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने शकुनी चौधरी के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए उन्हें बिहार की राजनीति का अनुभवी मार्गदर्शक बताया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि शकुनी चौधरी जैसे वरिष्ठ नेताओं का अनुभव और संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि बिहार की राजनीति में उनका स्थान सम्मानजनक रहा है।
जन्मदिवस समारोह सादगीपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां जनसंपर्क और आत्मीयता का भाव प्रमुख रहा। कार्यक्रम के अंत में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।