जन्मदिन पर पैतृक गांव में छठ मनाएंगे सीएम सम्राट चौधरी, लखनपुर में उगते सूर्य को देंगे अर्घ्य

16 नवंबर को है मुख्यमंत्री का जन्मदिन, संभावित दौरे को लेकर प्रशासन सतर्क; असरगंज में रक्तदान शिविर का होगा आयोजन

मुंगेर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस बार लोक आस्था के महापर्व छठ को अपने पैतृक गांव लखनपुर में परिवार के साथ मनाएंगे। खास बात यह है कि 16 नवंबर को मुख्यमंत्री का जन्मदिन भी है। इस अवसर पर वे परिजनों के साथ छठ पूजा में शामिल होंगे और सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री 15 नवंबर की देर शाम सड़क मार्ग से मुंगेर जिले के तारापुर प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव लखनपुर पहुंचेंगे। परिवार में उनकी छोटी बहन और भाभी छठ व्रत कर रही हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री भी परिवार के साथ इस पारंपरिक पर्व में शामिल होंगे।

उत्तर टोला घाट पर करेंगे सूर्योपासना

मुख्यमंत्री सोमवार की सुबह अपने पैतृक आवास से लगभग 500 मीटर दूर उत्तर टोला छठ घाट पहुंचकर भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगे। इसके अलावा उनके तारापुर और असरगंज क्षेत्र के तीन अन्य छठ घाटों पर भी जाने की संभावना है। इनमें बड़ी दुर्गा मंदिर छठ घाट, रणगांव मंदिर स्थित शिवगंगा छठ घाट और धोबई छठ घाट शामिल हैं। पूजा-अर्चना और परिजनों के साथ प्रसाद ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री के करीब 10 बजे हेलीकॉप्टर से पटना रवाना होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए जिला और अनुमंडल प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संबंधित अधिकारियों की ओर से संभावित कार्यक्रम स्थलों और छठ घाटों की व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा, साफ-सफाई, रोशनी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

जन्मदिन पर रक्तदान शिविर से सेवा का संदेश

मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम की तैयारी की गई है। 16 नवंबर को असरगंज स्थित सरस्वती सेवा समिति परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें भाजपा कार्यकर्ता रक्तदान कर सामाजिक सरोकार का संदेश देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *