ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर बिहार में विपक्ष का हल्लाबोल, 7 अक्टूबर को आक्रोश मार्च और 8 को लोकभवन मार्च

पटना: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार में महागठबंधन ने आंदोलन का ऐलान किया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में 7 अक्टूबर को सभी प्रखंड मुख्यालयों पर आक्रोश मार्च निकाला जाएगा, जबकि 8 अक्टूबर को पटना में लोकभवन मार्च किया जाएगा।

तेजस्वी यादव ने सोमवार को अपने आवास पर महागठबंधन के नेताओं के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में आंदोलन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 8 अक्टूबर को विपक्षी दलों के विधायक, विधान पार्षद और नेता लोकभवन तक मार्च करेंगे और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेंगे। इसी दिन सभी जिला मुख्यालयों पर भी इंडिया गठबंधन के घटक दल धरना देंगे।

SIR को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना

तेजस्वी यादव ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची से बड़ी संख्या में सही मतदाताओं के नाम हटाए गए। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के लिए काम कर रहा है और लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 महीनों में चुनाव आयोग के खिलाफ 14 बार शिकायतें की गईं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। तेजस्वी ने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर संघर्ष करेगा।

दिल्ली में भी विपक्ष का प्रदर्शन

तेजस्वी यादव ने बताया कि 6 अक्टूबर को दिल्ली में इंडिया गठबंधन के सांसद चुनाव आयोग के समक्ष ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ निकालेंगे। इसके बाद 15 अक्टूबर के बाद राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने की भी योजना है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के कपिलदेव प्रसाद यादव, VIP प्रमुख मुकेश सहनी, भाकपा के रामनरेश पांडेय, भाकपा माले के धीरेंद्र झा, माकपा के अजय कुमार और आईईपी के आईपी गुप्ता समेत महागठबंधन के कई नेता मौजूद रहे।

पटना से रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *