देश को मिला नया CDS: जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने संभाली कमान, सैन्य सुधारों पर रहेगा फोकस

रिपोर्ट: अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न (BAJMC)

नई दिल्ली: भारत को नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) मिल गया है। जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने रविवार को देश के सर्वोच्च सैन्य पद का कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने इस पद पर जनरल अनिल चौहान का स्थान लिया, जिनका कार्यकाल हाल ही में पूरा हुआ।

जनरल सुब्रमणि का पदभार ग्रहण ऐसे समय में हुआ है, जब भारतीय सशस्त्र बल बड़े सैन्य सुधारों और संरचनात्मक बदलावों की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उनका मुख्य फोकस तीनों सेनाओं—थल सेना, नौसेना और वायुसेना—के बीच बेहतर समन्वय और एकीकृत संचालन (जॉइंटनेस) को मजबूत करना होगा।

अपने पहले बयान में नए CDS ने स्पष्ट किया कि सशस्त्र बलों का आधुनिकीकरण, संगठनात्मक सुधार और स्वदेशी हथियार प्रणालियों के विकास व समावेशन को तेज करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

जनरल सुब्रमणि को सैन्य मामलों का व्यापक अनुभव है। वे इससे पहले थल सेना के उप प्रमुख (Vice Chief of Army Staff) रह चुके हैं और हाल ही में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत थे।

विशेषज्ञों का मानना है कि उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती ‘थिएटर कमांड’ जैसी महत्वपूर्ण सैन्य परियोजना को लागू करना और तीनों सेनाओं के बीच प्रभावी तालमेल स्थापित करना होगा। इसके साथ ही आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देना भी उनकी जिम्मेदारी का अहम हिस्सा रहेगा।

जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि की नियुक्ति को भारत की रक्षा रणनीति में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ऐसे में आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि वे सैन्य सुधारों और आधुनिकरण की दिशा में किस तरह की नई पहल करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *