पूर्वी चंपारण में HIV संक्रमण की बढ़ती चुनौती, 20 से 40 वर्ष के युवा सबसे अधिक प्रभावित; पटना के बाद दूसरे स्थान पर जिला

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एचआईवी संक्रमण के मामले स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करने वाले कामगारों के बीच संक्रमण की रोकथाम बड़ी चुनौती बन गई है। संक्रमित मरीजों के उपचार के मामले में पूर्वी चंपारण राज्य में राजधानी पटना के बाद दूसरे स्थान पर है। खास बात यह है कि जिले में 20 से 40 वर्ष आयुवर्ग के लोग सबसे अधिक प्रभावित हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अक्टूबर 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वी चंपारण में कुल 12,267 एचआईवी संक्रमित पंजीकृत हैं। इनमें से 6,996 मरीज एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) के तहत नियमित उपचार करा रहे हैं।

जिले में संक्रमण की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मार्च तक 1,51,346 लोगों की एचआईवी जांच की गई थी। इनमें 750 लोग संक्रमित पाए गए। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर तक 89,409 लोगों की जांच में 491 संक्रमित मिले हैं। इनमें 31 गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं।

हर महीने औसतन 70 नए संक्रमितों की पहचान

आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष के पहले सात महीनों में औसतन करीब 70 संक्रमितों की पहचान हुई है। जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में यह औसत 62.5 था। यानी संक्रमण की पहचान के औसत मासिक आंकड़े में भी वृद्धि दर्ज की गई है। जून महीने में सबसे अधिक 91 लोग संक्रमित मिले थे।

जिला संचारी रोग सह एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. संजीव के अनुसार, संक्रमितों की पहचान के साथ उन्हें नियमित उपचार से जोड़ने और दवाओं के असर की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

संक्रमितों को हर महीने 1500 रुपये की सहायता

बिहार शताब्दी एड्स पीड़ित कल्याण योजना के तहत एचआईवी संक्रमितों को आजीवन प्रतिमाह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। अक्टूबर महीने में जिले के 4,781 लाभार्थियों को इस योजना का लाभ मिला। वहीं, संक्रमित माता-पिता के शून्य से 18 वर्ष तक के बच्चों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जाती है।

जिले में एचआईवी जांच और परामर्श के लिए 13 एकीकृत जांच एवं परामर्श केंद्र संचालित हैं। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं से बच्चों में संक्रमण रोकने के लिए विशेष केंद्र और अन्य उपचार सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

नियंत्रण कार्यक्रम में बिहार में मिला पहला स्थान

संक्रमितों की संख्या के लिहाज से राज्य में दूसरे स्थान पर रहने के बावजूद एचआईवी नियंत्रण कार्यक्रम के क्रियान्वयन में पूर्वी चंपारण ने बेहतर प्रदर्शन किया है। स्वास्थ्य विभाग की सितंबर 2026 की समीक्षा में निर्धारित नियंत्रण लक्ष्यों के आधार पर जिले को बिहार में पहला स्थान मिला था।

भारत-नेपाल सीमा से सटे होने और बड़ी संख्या में कामगारों के दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए जाने के कारण जिले में संक्रमण नियंत्रण की चुनौती अधिक है। स्वास्थ्य विभाग के लिए अब प्रवासी कामगारों तक जांच और जागरूकता अभियान पहुंचाना अहम प्राथमिकता बन गया है। साथ ही, संक्रमित लोगों के प्रति सामाजिक भेदभाव और गलत धारणाओं को दूर करना भी जरूरी है।

नोट: एचआईवी संक्रमण की पहचान और समय पर उपचार से संक्रमित व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है। नियमित जांच, चिकित्सकीय सलाह और एआरटी दवाओं का पालन संक्रमण नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *