बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर पीएम मोदी ने दी जनजातीय समाज को विकास परियोजनाओं की सौगात, 3 हजार करोड़ की 246 योजनाओं का शुभारंभ
38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों और 100 बहुउद्देशीय केंद्रों का उद्घाटन, 19 नए स्कूलों समेत 73 परियोजनाओं की रखी आधारशिला
गड़चिरोली/नई दिल्ली। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महाराष्ट्र के गड़चिरोली से देशभर के जनजातीय समुदायों के लिए करीब 3,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लिया और 246 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है।
कुल 246 परियोजनाओं में से 173 का उद्घाटन किया गया, जबकि शेष 73 परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। उद्घाटन की गई प्रमुख योजनाओं में जनजातीय विद्यार्थियों के लिए 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत 100 बहुउद्देशीय केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों को जनजातीय क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं और सामुदायिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
19 नए एकलव्य विद्यालयों का भी होगा निर्माण
प्रधानमंत्री ने जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 19 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की आधारशिला रखी। इसके अलावा जनजातीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और स्थानीय उत्पादकों की आय बढ़ाने के लिए 12 जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्रों का भी शिलान्यास किया गया। पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 42 अन्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई।
जनजातीय संस्कृति और इतिहास को मिलेगा संरक्षण
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर स्थित जनजातीय अनुसंधान संस्थान भवन और मिजोरम के आइजोल में रुइपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन किया। संग्रहालय का उद्देश्य मिजो जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, बलिदान और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना है। इसका नाम 19वीं सदी की मिजो महिला प्रमुख रुइपुइलियानी के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ प्रतिरोध किया था।
लाभार्थियों से प्रधानमंत्री ने किया संवाद
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के जनजातीय लाभार्थियों से भी बातचीत की। महाराष्ट्र के यवतमाल के पीएम-जनमन लाभार्थी कृष्णा नागोराव टेका ने बताया कि योजना के तहत पक्का मकान और शौचालय मिलने से उनके परिवार का जीवन पहले की तुलना में आसान हुआ है। वहीं, गुजरात के भरूच के वजीर ने बांस से जुड़े प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं से मिले लाभों की जानकारी दी।
प्रधानमंत्री ने जनजातीय समुदायों के जीवन में आए बदलावों पर संतोष व्यक्त किया और उनकी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया।
15 नवंबर को मनाया जाता है जनजातीय गौरव दिवस
गौरतलब है कि प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2021 में केंद्र सरकार ने इस दिन को राष्ट्रीय स्तर पर जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इस वर्ष 1 से 15 नवंबर तक देशभर में जनजातीय गौरव पखवाड़ा आयोजित किया गया। इसके तहत जनजातीय साहित्य उत्सव, स्वास्थ्य एवं पोषण शिविर, विद्यार्थियों के साथ संवाद और विभिन्न सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।