मधुबनी गोलीकांड: फरार एएसआई की तलाश में 12 पुलिस टीमें, नेपाल तक छापेमारी; पिता भी हत्या के मामले में काट चुके हैं सजा
मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले के बलिराजगढ़ में हुई गोलीबारी और हत्या की घटना के बाद आरोपी एएसआई चंद्रमोहन सिंह की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बन गई है। घटना के 48 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में मधुबनी पुलिस के साथ बिहार एसटीएफ और पटना पुलिस मुख्यालय की टीमें भी सक्रिय हो गई हैं। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 12 विशेष टीमें गठित की हैं, जिनमें चार टीमों को नेपाल भेजा गया है।
मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बुधवार शाम प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी की तलाश नेपाल सीमा से लेकर बक्सर तक की जा रही है। उसके संभावित ठिकानों के अलावा रिश्तेदारों और करीबी लोगों के यहां भी छापेमारी की जा रही है। तकनीकी सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाने की कोशिश हो रही है। आरोपी के संबंध में पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की गई है।
चार राउंड फायरिंग में एक की मौत, तीन घायल
पुलिस के अनुसार, घटना दो नवंबर की रात बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ स्थित धत्ता टोल में हुई थी। आरोप है कि पुरातात्विक उत्खनन स्थल की सुरक्षा में तैनात एएसआई चंद्रमोहन सिंह एक महिला के घर में घुस गए थे। ग्रामीणों ने उन्हें घर में बंद कर दिया। इसी दौरान बाहर निकलने की कोशिश में उन्होंने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से चार राउंड गोलियां चला दीं।
गोलीबारी में अशोक यादव (45) की मौत हो गई, जबकि विजेंद्र यादव, धनिकलाल यादव और फूलो देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। गंभीर रूप से घायल विजेंद्र यादव को बेहतर इलाज के लिए पटना के आईजीआईएमएस रेफर किया गया है।
आरोपी के पिता भी हत्या के मामले में काट चुके हैं सजा
इस मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी एएसआई चंद्रमोहन सिंह के पिता स्वर्गीय रवींद्र सिंह सेना में जवान थे। ग्रामीणों का दावा है कि सेना में सेवा के दौरान साथी जवानों की हत्या के एक मामले में उनकी गिरफ्तारी हुई थी और उन्हें करीब 14 वर्षों तक जेल में सजा काटनी पड़ी थी। सजा पूरी करने के बाद वह गांव लौट आए थे। पिछले वर्ष उनका निधन हो गया।
निलंबन के साथ बर्खास्तगी की कार्रवाई शुरू
एसएसपी ने बताया कि आरोपी एएसआई को निलंबित कर दिया गया है और सेवा से बर्खास्त करने के लिए विभाग को पत्र भेजा गया है। मृतक की पत्नी अस्मिता देवी के आवेदन पर हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में एक अन्य प्राथमिकी भी पुलिस अधिकारी के आवेदन पर दर्ज हुई है।
घटना की सूचना समय पर स्थानीय थाना और वरीय अधिकारियों तक नहीं पहुंचाने के आरोप में संबंधित चौकीदार और पुलिस पिकेट पर तैनात पांच एसएपी जवानों को भी निलंबित किया गया है। पुलिस फरार एएसआई के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट और कुर्की की कानूनी प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रही है।
पीड़ित परिवार से मिलने आज पहुंचेंगे तेजस्वी यादव
गोलीकांड में जान गंवाने वाले अशोक यादव के परिजनों से मुलाकात करने के लिए बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पांच नवंबर को बलिराजगढ़ पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर राजद नेताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी ने इस घटना को लेकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई है।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।