मुंगेर में नकली सिगरेट के कारोबार का खुलासा, 2400 पैकेट के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
दिल्ली में असली ब्रांड के नाम पर बेचने की थी तैयारी, जमालपुर स्टेशन पर आरपीएफ ने दबोचा
मुंगेर। बिहार के मुंगेर में नकली सिगरेट के कारोबार से जुड़े एक मामले का खुलासा हुआ है। जमालपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी) ने कार्रवाई करते हुए 2400 पैकेट नकली कैप्स्टन सिगरेट बरामद की है। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त सिगरेट की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 16 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, सीआईबी टीम को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति भागलपुर से आनंद विहार जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस (22405) से नकली सिगरेट की खेप लेकर दिल्ली जा रहे हैं। इसके बाद निरीक्षक एसके सुधा के नेतृत्व में टीम ने जमालपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर निगरानी शुरू की। संदिग्धों के पहुंचते ही टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान दोनों के पास मौजूद दो जूट के बोरों और गत्ते के डिब्बों से सिगरेट के पैकेट मिले। जांच में पैकेट की छपाई, रंग, जीएसटी संबंधी विवरण और सिगरेट की गुणवत्ता में कई विसंगतियां पाई गईं। पूछताछ में आरोपियों ने सिगरेट के नकली होने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुबारकचक निवासी मोहम्मद परवेज खान (52) और मिर्जाचक निवासी मोहम्मद अली (28) के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि सिगरेट की खेप मुंगेर के मुर्गियाचक के पास एक व्यक्ति से खरीदी गई थी। इसे दिल्ली ले जाकर असली ब्रांड के नाम पर बेचने की योजना थी। पुलिस के अनुसार, पहचान छिपाने के लिए सिगरेट के पैकेट विमल पान मसाला लिखे बोरों में रखे गए थे।
मामले में जीआरपी ने कांड संख्या 90/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नकली सिगरेट की आपूर्ति करने वाला व्यक्ति कौन है और दिल्ली में इस खेप को किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी है।