स्पेन में हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर! 30 की मौत, 500 से ज्यादा यात्री थे सवार; बढ़ सकता है मौतों का आंकड़ा
मैड्रिड। स्पेन में बुधवार को बड़ा रेल हादसा हो गया। मैड्रिड को दक्षिणी अंडालूसिया क्षेत्र से जोड़ने वाली हाई-स्पीड रेल लाइन पर दो ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकालने में जुटे हैं। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
500 से अधिक यात्री थे सवार
क्षेत्रीय सरकार के प्रवक्ता के अनुसार, हादसे के समय दोनों ट्रेनों में 500 से ज्यादा यात्री सफर कर रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेन के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए और मलबा आसपास के क्षेत्र में बिखर गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं को घटनास्थल पर भेजा गया। बचाव अभियान के दौरान घायलों को नजदीकी चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाया गया। दुर्घटना के कारण मैड्रिड-अंडालूसिया हाई-स्पीड रेल सेवा भी रोक दी गई है।
टोलेडो के पास हुआ हादसा
यह दुर्घटना स्पेन के मध्य क्षेत्र कैस्टिला-ला मांचा के टोलेडो प्रांत में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। रेल ऑपरेटर Adif ने दो ट्रेनों के बीच टक्कर की पुष्टि की है। हादसे की वजह की जांच की जा रही है।
PM पेड्रो सांचेज ने जताया दुख
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने हादसे पर गहरा सदमा जताया है। उन्होंने कहा कि वह परिवहन मंत्री और कैस्टिला-ला मांचा के क्षेत्रीय प्रमुख के लगातार संपर्क में हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि आपातकालीन सेवाएं प्रभावित लोगों की मदद और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी हैं।
इस साल का दूसरा बड़ा रेल हादसा
स्पेन में इस साल यह दूसरा बड़ा हाई-स्पीड रेल हादसा बताया जा रहा है। इससे पहले जनवरी में इसी मार्ग पर एक अन्य दुर्घटना में 46 लोगों की मौत हुई थी। लगातार हुए हादसों के बाद स्पेन के रेल नेटवर्क की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
TWM News | वर्ल्ड