पटना में खान सर की कोचिंग पर हमला, तोड़फोड़ से मचा हड़कंप
गार्ड घायल, छात्रों में आक्रोश; पुलिस जांच में जुटी, प्रतिस्पर्धी कोचिंग संस्थानों पर संदेह
रिपोर्ट: अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न (BAJMC)
पटना, संवाददाता:
राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित प्रसिद्ध शिक्षाविद खान सर के कोचिंग संस्थान पर मंगलवार देर रात हमला की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। इस दौरान अज्ञात हमलावरों ने न केवल कोचिंग परिसर में तोड़फोड़ की, जिसमें एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 15-20 की संख्या में आए हमलावरों ने कोचिंग संस्थान को निशाना बनाया और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग के बाहर जुट गए और सुरक्षा को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया।
खान सर ने इस हमले को साजिश करार देते हुए आरोप लगाया कि उनकी कम फीस और लोकप्रियता के कारण कुछ प्रतिस्पर्धी कोचिंग संस्थान उनके खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “गरीब छात्रों को सस्ती शिक्षा देना कुछ लोगों को रास नहीं आ रहा।”
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान की जा रही है। सभी पहलुओं, विशेषकर कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा के एंगल से जांच की जा रही है।