भोजपुर में 31.21 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क, युवाओं को मिलेगा रोजगार का बड़ा अवसर

 अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न

आरा/भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में मत्स्य पालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। उदवंतनगर प्रखंड के बनासुर मत्स्य बीज क्षेत्र में 31.21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मौजूद रहे और उन्होंने इसे राज्य में आधुनिक मत्स्य विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

करीब 32 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह एक्वा पार्क अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। परियोजना का मुख्य उद्देश्य मत्स्य उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि करना है, जिससे न केवल किसानों की आय बढ़ेगी बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

इस एक्वा पार्क में हैचरी, फीड मिल, आधुनिक प्रयोगशाला और प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही छात्रों और प्रशिक्षुओं के लिए छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यहां मत्स्य अनुसंधान के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में वैज्ञानिक तरीके से मछली पालन को बढ़ावा मिलेगा।

सरकार का दावा है कि इस परियोजना के माध्यम से मत्स्य पालन को एक संगठित और लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही, इस पार्क के जरिए इको-टूरिज्म को भी प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह एक्वा पार्क बिहार में मत्स्य विकास का मॉडल केंद्र बन सकता है और अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणा स्रोत साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *