ASI गोलीकांड: पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे तेजस्वी यादव, दरभंगा एयरपोर्ट से बाबूबरही के लिए हुए रवाना

दरभंगा/मधुबनी। मधुबनी जिले के बाबूबरही में ASI की कथित गोलीबारी में हुई मौतों के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गुरुवार को हैदराबाद से दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचे। यहां राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से मधुबनी के बाबूबरही के लिए रवाना हो गए, जहां वे गोलीकांड में जान गंवाने वाले अशोक यादव के परिजनों और घायलों के परिवारों से मुलाकात करने पहुंचे।

मृतक के परिजनों से की मुलाकात, आर्थिक सहायता भी दी

तेजस्वी यादव ने बलिराजगढ़ पहुंचकर मृतक अशोक यादव के परिजनों से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। उन्होंने अशोक यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने घायल फूलो देवी, धनिकलाल यादव और बिजेंद्र यादव के परिजनों से भी बातचीत कर उनका हाल जाना। राजद नेता ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की।

बेटे को सरकारी नौकरी के लिए प्रयास का भरोसा

मृतक अशोक यादव के पुत्र सितेश कुमार से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने उसे पढ़ाई जारी रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद उसकी सरकारी नौकरी के लिए सरकार से बात करेंगे और हरसंभव प्रयास करेंगे।

सरकार और पुलिस व्यवस्था पर साधा निशाना

दरभंगा एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और आम लोगों का पुलिस से भरोसा कमजोर हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधते हुए सरकार की कार्यशैली की आलोचना की।

तेजस्वी ने कहा कि बाबूबरही की घटना गंभीर है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने तक उनके साथ खड़े रहने की बात कही।

क्या है बाबूबरही गोलीकांड?

मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में मंगलवार को ASI की कथित गोलीबारी की घटना हुई थी। इसमें अशोक यादव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए थे। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है। तेजस्वी यादव के दौरे के बाद इस मामले को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *