INDIA ब्लॉक का बड़ा ऐलान: 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक मार्च, 1 नवंबर को दिल्ली में मेगा रैली

नई दिल्ली। चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर INDIA ब्लॉक ने आंदोलन की रणनीति का ऐलान किया है। बुधवार को नई दिल्ली में हुई विपक्षी दलों की बैठक में 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में जिला स्तर पर ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ आयोजित करने का फैसला लिया गया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि इस दौरान विपक्षी दल प्रत्येक जिले में जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन करेंगे और चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी कथित अनियमितताओं के बारे में लोगों को जानकारी देंगे।

6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक मार्च

INDIA ब्लॉक के सभी विपक्षी सांसद 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे। इसके साथ ही विपक्षी नेता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का समय मांगेंगे। विपक्ष की ओर से SIR समेत चुनाव से जुड़े विभिन्न मुद्दों को राष्ट्रपति के समक्ष रखने की बात कही गई है।

1 नवंबर को दिल्ली में मेगा रैली

खड़गे के मुताबिक, INDIA ब्लॉक देशभर में पांच रैलियां आयोजित करेगा। इन रैलियों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर विपक्ष के आरोपों को उठाया जाएगा। 1 नवंबर को दिल्ली में मेगा रैली आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया है।

विपक्षी नेताओं ने SIR और चुनाव से जुड़े लंबित मामलों पर सुप्रीम कोर्ट से जल्द सुनवाई की अपील करने की भी बात कही है।

चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष का आरोप

INDIA ब्लॉक के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी दोहराई है। यह मांग एक रिपोर्ट में चुनाव आयोग के दो चुनाव आयुक्तों द्वारा आयोग के कुछ फैसलों पर असहमति दर्ज किए जाने के दावे के बाद उठाई गई है। संबंधित रिपोर्ट के अनुसार, दोनों चुनाव आयुक्तों ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार असहमति दर्ज की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *