RJD को बड़ा झटका: तेजतर्रार नेता रितु जायसवाल ने थामा BJP का दामन

पटना, संवाददाता:
बिहार की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की पूर्व महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली। पटना स्थित भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

रितु जायसवाल का यह कदम आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पार्टी बदलने के साथ ही उन्होंने साफ कहा कि वर्षों से एक पार्टी का नाम जुबान पर रहने के कारण बदलाव में समय लगता है, लेकिन वे अपने फैसले को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं।

टिकट कटने के बाद बढ़ी दूरी
जानकारी के अनुसार, परिहार विधानसभा सीट से टिकट नहीं मिलने के बाद रितु जायसवाल और RJD नेतृत्व के बीच दूरी बढ़ गई थी। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव भी लड़ा, जिसमें उन्हें उल्लेखनीय वोट मिले और यह RJD की हार का एक बड़ा कारण माना गया।

बीजेपी में शामिल होने की वजह बताई
बीजेपी में शामिल होने के बाद रितु जायसवाल ने कहा कि उनके लिए वही पार्टी सही है जो “राष्ट्र को पहले रखती है।” उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व और योजनाओं की सराहना करते हुए अपने फैसले को वैचारिक बताया।

तेजस्वी यादव के लिए झटका
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, रितु जायसवाल का RJD छोड़ना पार्टी और खासकर नेता तेजस्वी यादव के लिए बड़ा झटका है। वे पार्टी की प्रमुख महिला नेताओं में शामिल थीं और कम समय में उन्होंने मजबूत राजनीतिक पहचान बनाई थी।

‘मुखिया दीदी’ से बनीं मजबूत नेता
सीतामढ़ी की पंचायत राजनीति से उभरकर राज्य स्तर पर पहचान बनाने वाली रितु जायसवाल को ‘मुखिया दीदी’ के रूप में भी जाना जाता है। सामाजिक कार्यों और पंचायत विकास के कारण उन्हें कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं, जिसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *