शाह का दावा: इस साल बिहार में मनेंगी चार दिवाली

महिला रोजगार योजना, जीएसटी सुधार और चुनावी जीत को बताया पर्व का कारण

पटना, शनिवार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को बिहार की जनता से संबोधित करते हुए कहा कि इस बार राज्य में एक नहीं बल्कि चार-चार दिवाली मनाई जाएगी। उन्होंने इन चारों दिवालियों को अलग-अलग उपलब्धियों और संकल्पों से जोड़ा।

शाह ने कहा, “पहली दिवाली वह है जब भगवान श्रीराम अयोध्या लौटे थे। दूसरी दिवाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल ही मनाई है, जब उन्होंने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 75 लाख जीविका दीदियों के खातों में 10-10 हज़ार रुपये डाले। तीसरी दिवाली है जीएसटी सुधार, जिसके तहत 395 से अधिक वस्तुओं के दाम 15 से 20 प्रतिशत तक घटाए गए। और चौथी दिवाली, तब मनानी है जब बिहार में एनडीए-भाजपा की सरकार 160 से अधिक सीटों के साथ बनेगी।”

‘स्वदेशी अपनाएं’ का आह्वान

शाह ने लोगों से अपील की कि इस दिवाली केवल स्वदेशी वस्तुएं ही खरीदें। उन्होंने कहा, “इस बार हमें संकल्प लेना है कि हर सामान स्वदेशी होगा। यही सच्ची देशभक्ति है।”

महिलाओं के लिए बड़ा कदम

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का शुभारंभ किया था। इस दौरान 75 लाख महिलाओं के खातों में कुल 7,500 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई। यह सहायता राशि खेती-बाड़ी, पशुपालन, हस्तशिल्प, बुनाई, सिलाई और अन्य छोटे उद्यमों में निवेश करने के लिए दी गई है।

योजना की लाभार्थी महिलाओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताया और कहा कि यह मदद उनके आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बड़ा कदम है।

चुनावी पृष्ठभूमि में बयान

बिहार विधानसभा चुनाव इस वर्ष अक्टूबर-नवंबर में संभावित हैं। चुनाव आयोग की ओर से आधिकारिक तिथियां घोषित नहीं की गई हैं। ऐसे में अमित शाह का यह बयान सीधे तौर पर चुनावी रणनीति से जुड़ा माना जा रहा है। भाजपा और एनडीए महागठबंधन (इंडिया ब्लॉक) के खिलाफ मोर्चा लेने की तैयारी में हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *