जेल से छूटते ही रोशन आनंद का बड़ा आरोप: “फैसल खान और कोल्ड स्टोरेज मालिक ने कराई मेरे भाई की हत्या”
अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
पटना, बिहार:
राजधानी पटना में चर्चित कोचिंग विवाद मामले ने एक नया और सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद के जेल से रिहा होते ही उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि उनके भाई प्रिंस यादव की हत्या एक साजिश के तहत कराई गई है। इस साजिश में उन्होंने शिक्षक फैसल खान (खान सर) और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक को जिम्मेदार ठहराया है।
रोशन आनंद ने कहा कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया और जब वे जेल में थे, तभी उनके भाई की हत्या कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा है और इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है।
उन्होंने पटना पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें तो कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन जिन लोगों पर उनके भाई की हत्या का आरोप है, वे अब तक खुलेआम घूम रहे हैं। रोशन आनंद ने यह भी दावा किया कि आरोपियों को प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण कार्रवाई नहीं हो रही है।
भावुक होते हुए रोशन आनंद ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन का सबसे कीमती रिश्ता खो दिया है और अब वे कानूनी दायरे में रहकर अपने भाई को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ेंगे। साथ ही उन्होंने इस मामले में नार्को टेस्ट कराने की भी मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके।