‘बेहद बहादुरी भरा काम’, IAF चीफ एपी सिंह ने फ्लाईदुबई पायलट स्मित मच्छर की तारीफ की

नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी की सराहना की है। उन्होंने कहा कि घायल होने के बावजूद मच्छर ने जिस तरह शारीरिक और मानसिक मजबूती दिखाई, वह विमानन क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए एक सीख है।

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने शनिवार को दिल्ली में 94वें एयर फोर्स डे के मौके पर आयोजित वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “उन्होंने जो किया, वह बेहद बहादुरी भरा है। उन्होंने शानदार शारीरिक और मानसिक दृढ़ता दिखाई। यह हमारे लिए एक सीख है।”

घायल होने के बावजूद खोला कॉकपिट का दरवाजा

30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में सह-पायलट ने कैप्टन मच्छर पर हमला कर दिया था। हमले के बाद विमान तेजी से नीचे जाने लगा और स्थिति गंभीर हो गई। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छर कॉकपिट के दरवाजे तक पहुंचे और उसे खोलने में सफल रहे। इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू किया।

विमान को बाद में सऊदी अरब के तबूक की ओर मोड़ा गया, जहां उसने सुरक्षित लैंडिंग की। घटना के बाद कैप्टन मच्छर को अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनका इलाज जारी है।

पीएम मोदी से बातचीत में बताया था आखिरी प्रयास का किस्सा

अस्पताल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉल के दौरान कैप्टन मच्छर ने घटना के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें महसूस हो गया था कि विमान तेजी से नीचे जा रहा है और ऐसे में उन्होंने कॉकपिट के दरवाजे तक पहुंचने की एक आखिरी कोशिश करने का फैसला किया।

मच्छर ने बताया कि विमान उड़ाने का उनका 17 वर्षों का अनुभव, जिसमें 11 वर्ष बतौर कैप्टन शामिल हैं, उन्हें स्थिति को समझने में मदद कर रहा था। दरवाजा खुलने के बाद अन्य लोग कॉकपिट में पहुंचे और हमलावर को काबू करने में सफल रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने भी उनके साहस और सूझबूझ की सराहना की थी।

UAE ने आतंकी हमले के रूप में बताया

हमले में इस्तेमाल हथियार को लेकर भी जानकारी सामने आई है। संयुक्त अरब अमीरात की सरकारी समाचार एजेंसी WAM के अनुसार, सह-पायलट ने मच्छर पर हमला करने के लिए विमान में मौजूद इमरजेंसी क्रैश एक्स का इस्तेमाल किया था। शुरुआती रिपोर्टों में हथियार को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई थी।

UAE ने इस घटना को आतंकी हमला बताया है। इजरायल के मुंबई स्थित कॉन्सुल जनरल यानिव रेवाच ने भी इसे आतंकी हमला बताया और कैप्टन मच्छर के साहस की प्रशंसा की। इजरायल में भारतीय राजदूत जेपी सिंह ने भी तेल अवीव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मच्छर को श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनके प्रयासों से विमान में सवार 174 लोगों की जान बचाने में मदद मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *